बापू की 73वीं पुण्यतिथि पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री सहित लोगों ने किया नमन

जुबिली न्यूज़ डेस्क

आज पूरा देश राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 73 वीं पुण्यतिथि मना रहा है। आज ही के दिन यानी 30 जनवरी 1948 के दिन नाथुराम गोडसे ने गांधी की हत्या कर दी थी। इस मौके पर देश के प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति सहित देश के कई बड़े नेताओं ने उन्हें नमन किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके साथ देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे।

73 वीं पुण्यतिथि पर पीएम नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुआ ट्वीट किया है। पीएम मोदी ने लिखा कि, महान बापू को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि। उनके आदर्श लाखों लोगों को प्रेरित करते रहते हैं। शहीद दिवस पर हम उन सभी महान महिलाओं और पुरुषों के वीर बलिदानों को याद करते हैं, जिन्होंने भारत की स्वतंत्रता और प्रत्येक भारतीय की भलाई के लिए खुद को समर्पित किया है।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर याद करते हुए ट्वीट किया कि, ‘मैं कृतज्ञ राष्ट्र की तरफ से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। हमें शांति, अहिंसा, सादगी, साधनों की पवित्रता और विनम्रता के उनके आदर्शों का पालन करना चाहिए। आइए हम उनके सत्य और प्रेम के मार्ग पर चलने का संकल्प लें।’

वहीं, राहुल गांधी ने भी पुण्यतिथि पर महात्मा गांधी को याद किया। साथ ही उन्होंने एक वीडियो ट्वीट कर राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि दी। राहुल गांधी ने महात्मा गांधी के एक कथन का जिक्र करते हुए लिखा, ‘सत्य लोगों के समर्थन के बिना भी खड़ा रहता है, वह आत्मनिर्भर है।’ – महात्मा गांधी। बापू की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि।’

इसके अलावा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बापू को याद करते हुए ट्वीट में लिखा, ‘राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि-कोटि नमन! गांधी जी के सत्य-अहिंसा के विचार एवं प्रयोग आज भी किसान-आंदोलन में शक्ति प्रदान कर रहे हैं। इस संघर्ष में सबसे बड़ी शक्ति ये विश्वास ही है कि असत्य पर सत्य की ही जीत होती है और ऊपरवाला अंततः सच का ही साथ देता है।

Related Articles

Back to top button