माही का ताजा बयान…क्या धोनी का IPL करियर खत्म?

जुबिली स्पेशल डेस्क 

आईपीएल 2025 को लेकर एक सवाल हर क्रिकेट प्रेमी के मन में गूंज रहा है—क्या एमएस धोनी अगला सीजन खेलेंगे? चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान और भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल खिलाड़ियों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी के भविष्य को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है। वजह है खुद धोनी का एक बयान, जिसने इस चर्चा को और हवा दे दी है।

शनिवार को चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच मुकाबले से पहले जब टॉस के लिए धोनी मैदान में आए, तो कमेंटेटर डैनी मॉरिसन ने उनसे हल्के-फुल्के अंदाज में उनके भविष्य को लेकर सवाल दाग दिया। मॉरिसन ने पूछा—”क्या इसका मतलब ये है कि आप अगले सीजन में भी लौटेंगे?” धोनी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “अभी तो ये भी तय नहीं है कि मैं अगला मैच खेलूंगा या नहीं।”

ये भी पढ़े : IPL 2025: 27 करोड़ का खिलाड़ी, लेकिन रन सिर्फ 19…

धोनी के इस जवाब ने जहां एक ओर हंसी का माहौल बना दिया, वहीं दूसरी तरफ उनके प्रशंसकों को चौंका भी दिया। यह बयान हल्के अंदाज़ में दिया गया हो, लेकिन इसके पीछे की गंभीरता को नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता।

फॉर्म और फिटनेस पर सवाल

धोनी की बढ़ती उम्र और हालिया फिटनेस को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। भले ही मैदान पर उनका नेतृत्व अभी भी प्रभावशाली दिखता है, लेकिन बल्लेबाज़ी में उनकी भूमिका सीमित हो गई है। घुटने की पुरानी चोट और सीमित मूवमेंट ने उनके भविष्य को लेकर संदेह को और गहरा कर दिया है।

संन्यास के संकेत?

धोनी हमेशा अपने फैसलों को चुपचाप और चौंकाने वाले अंदाज़ में लेते आए हैं—चाहे वो टेस्ट क्रिकेट से संन्यास हो या वनडे कप्तानी छोड़ने का फैसला। ऐसे में यह कहना जल्दबाज़ी होगी कि वे इस सीजन के बाद आईपीएल को अलविदा कह देंगे, लेकिन उनके हालिया बयान को एक संकेत के तौर पर जरूर देखा जा सकता है।

फैन्स के लिए बेचैनी भरे पल

धोनी न सिर्फ CSK के लिए एक कप्तान हैं, बल्कि एक भावना हैं। स्टेडियम में उनकी एंट्री से लेकर आखिरी ओवर की कप्तानी तक, हर लम्हा उनके फैंस के लिए खास होता है। अगर यह वाकई उनका आखिरी सीजन साबित होता है, तो यह एक युग का अंत होगा।

फिलहाल, सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि एमएस धोनी आगे क्या फैसला लेते हैं। लेकिन एक बात तय है—जब भी वे इस खेल को अलविदा कहेंगे, करोड़ों दिलों में एक खालीपन जरूर रह जाएगा।

Related Articles

Back to top button