महिला दिवस : इस मौके पर दिल्ली पहुंच रही करीब 40 हजार महिलाएं

जुबिली न्यूज़ डेस्क

आज अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस है। इस अवसर पर देश भर में आज विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गये हैं। वहीं दूरी तरफ इस अवसर के मौके पर दिल्ली के सिंधु बॉर्डर पर आज महिलाएं एकत्रित होकर अपना दमखम दिखाएंगी।

महिला दिवस के मौके पर महिला शक्ति का प्रदर्शन करने महिला प्रदर्शनकारी आंदोलन स्थलों पर पहुंच रही हैं। खबर के अनुसार करीब 40 हजार किसान महिलाएं प्रदर्शन स्थलों पर पहुंचेंगी।

कई हजार महिला प्रदर्शनकारी पंजाब, हरियाणा के कई जिलों में से खुद ट्रैक्टर चला कर दिल्ली पहुंच रही हैं। महिला दिवस के मौके पर ये महिला प्रदर्शनकारी सभी प्रदर्शन स्थलों का केंद्र बनी रहेंगी। उधर महिला दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति सहित देश के कई बड़े नेताओं ने महिलाओं को बधाई दी हैं ।

देश के पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट के जरिये महिलाओं को बधाई दी। उन्होंने लिखा, ‘अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर वह नारी शक्ति को सलाम करते हैं। महिलाओं ने देश का नाम रोशन किया है और कई बुलंदियों को छुआ है, उसपर भारत गर्व करता है। हमारी सरकार के लिए ये बड़ी सौभाग्य की बात है कि हम नारी शक्ति के लिए काम कर रहे हैं।

पीएम के अलावा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी महिला दिवस की बधाई दी। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि, ‘इस खास अवसर पर सभी देशवासियों को मेरी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। हमारे देश की महिलाएं अनेक क्षेत्रों में उपलब्धियों के नए आयाम को हासिल कर रही है। आइए आज के दिन हम सब, महिलाओं व पुरुषों के बीच असमानता पूर्णतया समाप्त करने का सामूहिक संकल्प लें।

वहीं यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर लिखा कि प्रदेश की नारी शक्ति की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं सर्वांगीण उन्नयन के लिए यूपी सरकार प्रतिबद्ध है। उसी क्रम में आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ‘मिशन शक्ति’ के द्वितीय चरण की शुरुआत हो रही है। आइए, हम सभी ‘मिशन शक्ति’ के उद्देश्यों की सफलता हेतु सहभागी बनें।

इसके अलावा कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी महिला दिवस को लेकर ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि महिलाएं अपने दम पर इतिहास और भविष्य को बना सकती हैं। किसी को आप रुकने ना दें।

Related Articles

Back to top button