टीवी डिबेट पर हिट, चुनाव मैदान में फेल

जुबिली न्यूज़ डेस्क

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के हाथों से झारखंड की सत्ता निकल गई है। झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पार्टी के खराब प्रदर्शन को अपनी हार कहा है। झारखंड में जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनना तय है। लेकिन चुनाव परिणाम सामने आने के बाद सबसे ज्यादा चर्चा में जो शख्स हैं वो हैं कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता गौरव वल्लभ। दरअसल गौरव वल्लभ जमशेदपुर पूर्वी से चुनाव लड़ रहे थे और वह यह चुनाव हार गए हैं।

टीवी बहस में कुर्सी पर बैठ कर भले ही गौरव वल्लभ ये बता देते हों कि बिलियन और ट्रिलियन में कितने जीरो होते हैं, लेकिन जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में उनका गणित गड़बड़ा गया है।

सोशल मीडिया पर सक्रिय लोगों ने कॉन्ग्रेस प्रवक्ता गौरव वल्लभ और भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा के बीच की वो बहस ज़रूर देखी होगी, जिसमें 5 ट्रिलियन इकोनॉमी पर बात की गई थी। बात तो 5 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी पर शुरू हुई लेकिन कहीं और जाकर अटक गई। गौरव वल्लभ ने संबित से पूछा था कि 5 ट्रिलियन में कितने जीरो होते हैं? हालाँकि, संबित बार-बार तंज कसते रहे, जिसके बाद गौरव वल्लभ ने बिलियन और ट्रिलियन में कितने जीरो होते हैं, इसका गणितीय सूत्र बताया और वीडियो वायरल हो गया। यह वीडियो सोशल मीडिया में खूब चला और इससे उत्साहित होकर कॉन्ग्रेस ने गौरव को झारखंड के चुनावी मैदान में उतार दिया। लेकिन टीवी डिबेट में गौरव को पसंद करने वाली जनता ने चुनाव के मैदान नकार दिया है।

बता दें कि यह कोई पहला मौका नहीं है जब किसी पार्टी का प्रवक्ता चुनाव हारा हो। सच तो यह है कि इस तरह के बहुत से उदहारण हैं जब लोगों ने चर्चित चेहरों को अपना जनप्रतिनिधि स्वीकार नहीं किया है। इस लिस्ट में बीजेपी के संबित पात्रा से लेकर आम आदमी पार्टी के राघव चड्ढा तक के नाम शामिल हैं।

यह भी पढ़ें : NRC को लेकर LGBT समुदाय का डर 100 % वाजिब

यह भी पढ़ें : #CAAProtests : क्या फिर चूके चाणक्य !

संबित पात्रा

भारतीय जनता पार्टी के तेजतर्रार प्रवक्ता और ओडिशा के पुरी से पार्टी के प्रत्याशी संबित पात्रा को 2019 के लोकसभा चुनावों में हार का मुंह देखना पड़ा था। संबित को बीजू जनता दल के कद्दावर नेता पिनाकी मिश्रा ने 11,714 वोटों के अंतर से मात दी थी।

रणदीप सुरजेवाला

हरियाणा की कैथल विधानसभा सीट से पार्टी प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला चुनाव हार गए थे। कैथल विधानसभा सीट से बीजेपी के प्रत्याशी लीलाराम की जीत हुई थी।

राघव चड्ढा

दिल्ली के सबसे पॉश क्षेत्र साउथ दिल्ली लोकसभा सीट से राघव चड्ढा ने लोकसभा चुनाव की पारी आगाज किया था लेकिन उन्हें भी हार का मुंह देखना पड़ा था। लोकसभा चुनाव 2019 में हाई प्रोफाइल साउथ दिल्ली सीट से भाजपा के उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी ने जीत हासिल की थी।

यह भी पढ़ें : आलू से पाएं चमकदार और सुंदर त्वचा

यह भी पढ़ें : श्रीलंका व ऑस्ट्रेलिया के लिए ये होगी TEAM INDIA

यह भी पढ़ें : झारखंड में आखिर क्यों भगवा रंग उतरा

Related Articles

Back to top button