मूसलाधार बारिश से जलमग्न हुई मुंबई

जुबिली न्यूज़ डेस्क

बीती रात से हो रही तेज बारिश ने मुंबई सहित कई इलाकों को जलमग्न कर दिया है। हालात ये हैं कि लगातार हो रही बारिश की वजह से किंग सर्किल जैसे एरिया में 2 फीट तक पानी भर गया है। बीएमसी के अनुसार पिछले 10 घंटो में करीब 230 मिमी से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गयी है। वहीं इस बारिश को देखकर कुछ लोगों को 2005 की बारिश और बाढ़ का मंजर भी याद आ गया है।

वहीं मौसम विभाग ने आज मुंबई में भारी बारिश के साथ-साथ हाईटाइड की चेतावनी भी जारी की है। विभाग के अनुसार दोपहर 12:47 बजे मुंबई में हाईटाइड आ सकता है, इस दौरान समुद्र के आस-पास रहने वाले लोगों को घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। साथ ही बीएमसी ने मुंबई के कई अन्य हिस्सों में भी लोगों से बाहर न निकलने की अपील की है।

भारी बारिश की वजह से मुंबई में सभी 4 लाइनों पर रेल यातायात रुक गया है। इससे मुंबई लोकल की सर्विस ठप हो गई है। भारी बारिश के खतरे को देखते हुए मुंबई में 8 रूट्स पर बसों का रास्ता बदला गया है ।लगातार हो रही बारिश से मुंबई के लोगों में डर भी दिखाई पड़ रहा है।

बारिश का माजरा देखकर कुछ लोगों ने ट्विटर पर ट्वीट किया कि उन्‍होंने 26 जुलाई, 2005 के बाद से ऐसा मंजर नहीं देखा है। उस समय तेज बारिश और बाढ़ में करीब 1000 लोगों की मौत हुई थी।

तेज बारिश से लोवर परेल का इलाका पानी में डूबा हुआ है। इसके अलावा, हिंदमाता, सायन, माटुंगा, खार सबवे में भी जगह-जगह जलभराव हुआ है। इसके वीडियो भी सामने आ रहे हैं वहीं सीएसएमटी और कुर्ला के बीच हार्बर लाइन को भी बंद किया गया है।

Related Articles

Back to top button