दहेज की बलि चढ़ी गर्भवती महिला, पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप

न्यूज़ डेस्क

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में एक और 4 माह की गर्भवती नवविवाहिता को दहेज लोभियों ने दहेज की बलि चढ़ा दी। नव विवाहिता का शव पेड़ के नीचे पड़ा मिला है। ससुरालीजनों पर दहेज की खातिर पीट पीटकर हत्या किये जाने का आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके घटना की जांच शुरू कर दी है।

घटना मैनपुरी सदर कोतवाली इलाके की है। नगला बनवारी गांव में नव विवाहिता प्राची उर्फ बबली का शव पेड़ के नीचे पड़ा मिला है। ससुरालीजनों पर पीट पीटकर हत्या का आरोप लगा है।

आरोप है कि 17 अप्रैल 19 को हुई शादी के बाद से ही ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज में कार और सोने की चेन की मांग कर रहे थे। जिसके चलते बबली उर्फ प्राची को प्रताड़ित किया जा रहा था।

मामले की शिकायत अपने पिता से कई बार की थी। लेकिन दहेज की मांग पूरी ना होने पर दहेज लोभी ससुरालीजनों ने 4 माह की गर्भवती नव विवाहिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी और खुले आंगन में पेड़ के नीचे शव को छोड़ कर ससुरालीजन भाग जाने में सफल हो गए।

घटना की सूचना मृतका के पिता को हुई तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर देखा तो उनकी पुत्री मृत अवस्था में पड़ी है। जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने दी गई तहरीर के आधार पर पति अनिल जेठ अमित व सास पुष्पा के खिलाफ केस दर्ज किया है। मृत्यु का सही कारण जानने को शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस अपनी आगे की कार्रवाई में जुट गयी है।

मृतका की बहन सीमा ने बताया कि मेरी बहन 4 महीने की गर्भवती थी। ससुराली जन उसे खाने को कुछ नहीं देते थे। मेरी बहन के पति, जेठ, सास और ननद की मांग थी कि उन्हें दहेज में एक चेन, 10 लाख रूपए और एक स्कार्पियों गाड़ी चाहिए। दहेज न मिलने से शुक्रवार को उन लोगों ने मेरी बहन की पीट-पीटकर हत्या कर दी।

सदर सीओ अभय नारायण राय के अनुसार शुक्रवार को हमें दोपहर करीब 3 बजे कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि नंगला बनवारी में एक मृतका का शव मिला है। जिसके बाद मौके पर मैं पहुंचा तो मायका पक्ष के लोग वहां शोक विलाप कर रहे थे।

मृतका का शव आंगन में एक नीम के पेड़ के पास पड़ा हुआ मिला। उन्होंने बताया कि गर्दन पर एक लिट्रेचर का निशान जरूर मिला लेकिन पोस्टमार्टम के बिना यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि यह आत्महत्या है या हत्या। उसके बाद अग्रिम कार्रवाई की गई।

उन्होंने बताया कि मायका पक्ष के लोगों की तहरीर के आधार पर 3 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज किया गया। वहीं एफआईआर में पति, जेठ और उसके सास के खिलाफ दर्ज किया गया है। वहीं वजह उन्होंने बताया कि परिजनों का कहना है कि दहेज की अतिरिक्त मांग को लेकर उसका उत्पीड़न किया जा रहा था। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।

Related Articles

Back to top button