आग से झुलसी नवविवाहिता की मौत, पति समेत सात पर दहेज हत्या का मुकदमा

जुबिली पोस्ट ब्यूरो

कुशीनगर। कुशीनगर नगरपालिका के बुद्ध नगरी वार्ड में गंभीर रूप से जली नवविवाहिता ने सोमवार दोपहर जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। मौत होने से पूर्व मजिस्ट्रेट ने मृतका का बयान दर्ज किया। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर सात आरोपितों के विरूद्ध दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मामले में अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

हरेंद्र शर्मा की पुत्री 25 वर्षीय प्रियंका ने छह माह पूर्व परिजनों के विरोध के बावजूद अपने पड़ोसी सजातीय युवक पंकज शर्मा से प्रेम विवाह किया था। घटना के समय पति व ससुर बाहर थे। घर पर सास एवं भसुर के साथ प्रियंका रहती थी। रविवार रात दस बजे घर के अंदर ही वह गंभीर रूप से जल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे बाहर निकाल कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा।

मृतका के पिता ने तहरीर में आरोप लगाया है कि ससुराल वाले प्रियंका को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। पति, ससुर रामसूरत की साजिश से सास देवंती, कांती पत्नी रामलाल, संजय पुत्र रामसूरत, अभिषेक पुत्र रामलाल व आशीष पुत्र रामलाल सहित सबने मिलकर मिट्टी का तेल डालकर कमरे में जला दिया।

जिससे उसकी मौत हो गई। सीओ रामदास प्रसाद ने बताया कि मामले में दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शीघ्र ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button