बर्फीली हवाओं से ठिठुरी राजधानी, 3 डिग्री पहुंचा तापमान, IMD अलर्ट पर

जुबिली स्पेशल डेस्क

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का प्रकोप लगातार जारी है। मौसम विभाग ने 12 जनवरी 2026 को लेकर विशेष चेतावनी जारी की है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में शीतलहर और घने कोहरे के कारण आम जनजीवन और अधिक प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कम रह सकता है। कई जिलों में तेज ठंडी हवाएं चलने की संभावना है, जिससे खासकर बुजुर्गों और बच्चों की सेहत पर असर पड़ सकता है।

ठंड के बढ़ते असर को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

दिल्ली के पालम इलाके में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो रविवार को पिछले 13 वर्षों में सबसे कम रहा। यह तापमान सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक इससे पहले पालम मौसम केंद्र पर 7 जनवरी 2013 को न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हालांकि पालम में अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान माइनस 2.2 डिग्री सेल्सियस रहा है, जो 11 जनवरी 1967 को रिकॉर्ड किया गया था।

इस बीच राजधानी के कई मौसम केंद्रों पर शीतलहर जैसी स्थिति बनी हुई है, जिससे ठंड का असर और तेज हो गया है।

कई इलाकों में लुढ़का पारा

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार राजधानी के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। आयानगर में न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.2 डिग्री कम है।

वहीं रिज क्षेत्र में तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री नीचे रहा। इसके अलावा लोधी रोड मौसम केंद्र पर न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो औसत से 1.4 डिग्री कम है।

मौसम विभाग का कहना है कि शीतलहर के चलते आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ सकता है।

Related Articles

Back to top button