Cyclonic Ditwah Tracker : तेज हवाएं, भारी बारिश… दित्वा तमिलनाडु के करीब, बढ़ा खतरा

जुबिली स्पेशल डेस्क

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेन्नई, चेंगलपट्टू और आसपास के जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। चक्रवात दित्वा के कारण अब तक कम से कम 153 लोगों की मौत हो चुकी है और 191 लोग लापता बताए जा रहे हैं।

चेन्नई में तेज हवाएं, समुद्र में उफान

तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में चक्रवात का असर साफ दिख रहा है। मरीना बीच इलाके में समुद्र उफान पर है और शहर में तेज हवाएं चल रही हैं। IMD के अनुसार चक्रवात दित्वा आज तटीय क्षेत्रों तक पहुंच सकता है।

तमिलनाडु और पुडुचेरी के कई जिलों, जिनमें चेन्नई भी शामिल है, के लिए अगले तीन घंटों तक येलो अलर्ट जारी है। इस दौरान हल्की से मध्यम वर्षा और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

पर्यटकों पर पाबंदियाँ

पुडुचेरी में मौजूद एक पर्यटक ने बताया कि वे छुट्टियां बिताने आए थे, लेकिन चक्रवात की चेतावनी के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनज़र समुद्र तटों पर जाने से रोक दिया है। पर्यटक दल सभी सुरक्षा नियमों का पालन कर रहा है और वे आज ही वापस लौटने की योजना में हैं।

तीन राज्यों में रेड अलर्ट

तूफान की शक्ति को देखते हुए IMD ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में रेड अलर्ट घोषित किया है। अंदाजा है कि रविवार सुबह तूफान तट के लगभग 50 किलोमीटर भीतर से गुजरेगा, जिससे तेज़ और भारी वर्षा होगी।

फसलों और पेड़ों को भारी नुकसान की आशंका

डॉ. महापात्रा ने चेतावनी दी कितक़रीबन 30 इलाकों में फसलों को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। कई पेड़ उखड़ने और बिजली ढांचे को क्षति होने की संभावना है।निचले तटीय इलाकों में जलभराव और बाढ़ का खतरा भी बढ़ गया है।स्थानीय प्रशासन को पूरी सतर्कता के साथ राहत–बचाव की तैयारियों में जुटने की सलाह दी गई है। केरल और दक्षिण कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी अगले दो दिनों तक भारी बारिश के आसार जताए गए हैं।

श्रीलंका में फंसे भारतीयों को एयरलिफ्ट किया जाएगा

श्रीलंका में चक्रवात के कारण फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए वायुसेना तैयार है। हिंडन (गाजियाबाद) और त्रिवेंद्रम एयरबेस से वायुसेना के मालवाहक विमान एयरलिफ्ट ऑपरेशन चलाएंगे।

Related Articles

Back to top button