गुजरात में AAP के प्रदेश अध्यक्ष इशुदान गढ़वी गिरफ्तार, नेताओं ने बीजेपी सरकार पर साधा निशाना

गुजरात। आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रदेश अध्यक्ष इशुदान गढ़वी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पार्टी का दावा है कि यह गिरफ्तारी बीजेपी सरकार की “बेवजह कार्रवाई” है। इसे लेकर पार्टी नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा कि गुजरात में बीजेपी की पुलिस लगातार आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि खंभालिया थाने में कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे इशुदान गढ़वी को हिरासत में लिया गया।
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी ने भी गुजरात सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि बीजेपी से परेशान लोग 2027 में उन्हें हटाने का मन बना चुके हैं, इसलिए पार्टी नेताओं पर झूठे केस बनाए जा रहे हैं।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले तीन महीनों में गुजरात में 145 FIR दर्ज की गईं और 160 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा चुका है। उनका कहना है कि बीजेपी हार के डर से बौखलायी हुई है और अब तानाशाही पर उतर आई है।
कौन हैं इशुदान गढ़वी?
इशुदान गढ़वी का जन्म 10 जनवरी 1982 को गुजरात के देवभूमि द्वारका जिले के पिपलिया गांव में हुआ। वह पत्रकारिता से अपने करियर की शुरुआत करने वाले और आम आदमी पार्टी में शामिल होकर गुजरात में अपनी पहचान बनाने वाले नेता हैं।
14 जून 2021 को उन्होंने औपचारिक रूप से AAP की सदस्यता ली। 2022 के गुजरात विधानसभा चुनाव में उन्हें मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया था। उन्होंने देवभूमि द्वारका की खंभालिया सीट से चुनाव लड़ा, हालांकि भाजपा प्रत्याशी से हार गए। जनवरी 2023 में उनकी बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए उन्हें गुजरात प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
AAP नेताओं की मानें तो गढ़वी की गिरफ्तारी राज्य में राजनीतिक दबाव और पार्टी के बढ़ते प्रभाव को रोकने की कोशिश का हिस्सा है।



