नवजोत कौर सिद्धू ने सस्पेंशन के बाद कही बड़ी बातें, कांग्रेस में उथल-पुथल बढ़ी

जुबिली न्यूज डेस्क

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग द्वारा पूर्व विधायक नवजोत कौर सिद्धू की पार्टी की प्राथमिक सदस्यता सस्पेंड किए जाने के बाद, सिद्धू पटियाला पहुंचीं और मीडिया से मुखातिब हुईं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उन्हें सस्पेंड करने वाले व्यक्ति की कोई अहमियत नहीं है और वह कांग्रेस हाई कमान के साथ लगातार अपने मुद्दों पर चर्चा कर रही हैं।

नवजोत कौर सिद्धू ने कहा कि वह अपनी शर्तों पर काम करेंगी और “चोरों का साथ नहीं देंगी।” उन्होंने पंजाब कांग्रेस में चार-पांच लोगों को पार्टी के लिए नुकसानदेह बताया और कहा कि अगर हाई कमान इन लोगों को साइड करेगी तो वे काम करने पर विचार करेंगी।

सिद्धू ने 500 करोड़ रुपये के कथित ऑफर का भी जिक्र किया और कहा कि मीडिया ने उनसे पूछा कि वे मुख्यमंत्री क्यों नहीं बनतीं। उनका जवाब था कि उनके पास 500 करोड़ रुपए नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जो मुद्दे उन्होंने उठाए, अगर राहुल गांधी उठाते तो वह हीरो बन जाते।

पूर्व MLA ने अपने बयान में यह भी कहा कि कांग्रेस हाईकमान का उन्हें पूरा समर्थन है और 2027 में वह पंजाब में सरकार बनाएंगी। उन्होंने दावा किया कि आलाकमान के करीब 90% और पंजाब कांग्रेस के 70% नेता उनके साथ खड़े हैं, हालांकि उनके नाम सार्वजनिक नहीं किए जाएंगे।

सिद्धू ने अमरिंदर सिंह राजा वडिंग पर भी तीखे आरोप लगाए और कहा कि पार्टी के कई नेता उनके खिलाफ गलत काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी हाईकमान को सबूत भेजे जा चुके हैं।

ये भी पढ़ें-अखिलेश यादव ने लोकसभा में उठाया रामपुर उपचुनाव विवाद मामला, लगाए ये आरोप

पूर्व विधायक नवजोत कौर सिद्धू का यह बयान पंजाब कांग्रेस में राजनीतिक उथल-पुथल के बीच आया है। उन्हें पार्टी से सस्पेंड किए जाने का कारण उनके द्वारा मुख्यमंत्री पद और पार्टी में भ्रष्टाचार से जुड़े आरोप बताए गए हैं।

Related Articles

Back to top button