नीतीश सरकार के शपथ ग्रहण के बीच BJP में हलचल, बिहार प्रदेश अध्यक्ष जल्द बदले जाने की तैयारी

जुबिली न्यूज डेस्क
बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह के बीच भारतीय जनता पार्टी के भीतर एक अहम राजनीतिक हलचल शुरू हो गई है। बीजेपी के मौजूदा बिहार प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार जायसवाल को नई सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया है, जिसके बाद पार्टी संगठन में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।

एक व्यक्ति–एक पद सिद्धांत के चलते होगा बदलाव
बीजेपी में “वन पर्सन, वन पोस्ट” का सिद्धांत लागू है। ऐसे में दिलीप जायसवाल के मंत्री बनने के बाद अब उनका प्रदेश अध्यक्ष पद छोड़ना लगभग तय माना जा रहा है। इसी कारण पार्टी जल्द ही बिहार के नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया शुरू करने वाली है।
अमित शाह के करीबी माने जाते हैं जायसवाल
दिलीप जायसवाल को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का करीबी माना जाता है।
-
वे पहले भी बिहार सरकार में रेवेन्यू और भूमि सुधार विभाग के मंत्री रह चुके हैं।
-
वर्तमान समय में वे विधान परिषद सदस्य (MLC) भी हैं।
इस बार उन्हें नीतीश कैबिनेट में शामिल कर बीजेपी ने अपने संगठन और सरकार दोनों में संतुलन साधने की कोशिश की है।
कौन संभालेगा बिहार बीजेपी की कमान?
सम्राट चौधरी के डिप्टी सीएम बनने के बाद वर्ष 2024 में दिलीप जायसवाल को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। अब उनके मंत्री बनने के बाद पार्टी के सामने नए चेहरों के नाम पर मंथन शुरू हो गया है।
ये भी पढ़ें-नीतीश कुमार ने रिकॉर्ड 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, 26 मंत्रियों के साथ नई कैबिनेट हुई गठित
हालांकि पार्टी की ओर से किसी भी संभावित अध्यक्ष के नाम को लेकर आधिकारिक संकेत नहीं दिए गए हैं, लेकिन माना जा रहा है कि बीजेपी ऐसे नेता को आगे ला सकती है जो संगठन और सरकार दोनों के साथ तालमेल बैठाने में सक्षम हो।नई राजनीतिक परिस्थितियों में बिहार बीजेपी का नया अध्यक्ष कौन होगा, यह देखना आने वाले दिनों में बेहद दिलचस्प रहेगा।



