सपा अकेले लड़ेगी महाराष्ट्र निकाय चुनाव, कांग्रेस और एमएनएस पर साधा निशाना

जुबिली न्यूज डेस्क

मुंबई: समाजवादी पार्टी (सपा) ने महाराष्ट्र के निकाय चुनाव में अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। पार्टी के महाराष्ट्र अध्यक्ष अबू आजमी ने बुधवार (19 नवंबर) को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस बात की पुष्टि की।

अबू आजमी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि “कांग्रेस जैसी बड़ी पार्टी सिर्फ लेना चाहती है, देना नहीं।” उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस में लीडरशिप की कमी है और संगठन में बदलाव और सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अच्छा अलायंस तभी बनता है जब दोनों पक्ष सहयोग करते हैं, लेकिन कांग्रेस ने सपा को गठबंधन में शामिल नहीं किया।

सपा अध्यक्ष ने बताया कि पार्टी पूरे महाराष्ट्र में महानगर पालिका के चुनाव में भाग लेगी और मुंबई में 150 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि मुंबई के स्लम इलाकों में लोगों को साफ पानी की सुविधा नहीं मिल रही।

अबू आजमी ने समाजवादी पार्टी की पहचान स्पष्ट करते हुए कहा कि “सपा आंदोलन का नाम है, किसान, मज़दूर और दबे-कुचले लोगों की पार्टी है। हम धर्म की बात नहीं करते।” उन्होंने निकाय चुनाव में आरक्षण की समस्याओं की ओर भी ध्यान दिलाया और कहा कि बीएमसी में नगरसेवकों की सीट का रिज़र्वेशन कम से कम 1 साल पहले घोषित होना चाहिए।

सपा नेता ने यह भी कहा कि पार्टी 20 नवंबर से फॉर्म वितरण शुरू करेगी और कहीं भी चुनाव लड़ेगी, बिना किसी गठबंधन के। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में सपा से बिना बात किए सिर्फ दो सीटें छोड़ दी गईं।

इसके अलावा अबू आजमी ने कहा कि एकनाथ शिंदे और अजीत पवार के उम्मीदवारों को फंड मिलता है, लेकिन सबसे कम फंड शिवाजी नगर और गोवंडी में मिलता है।

सपा अध्यक्ष ने राज ठाकरे की पार्टी एमएनएस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि एमएनएस ने उत्तर भारतीयों का अपमान किया और उनके साथ जाने वाले उम्मीदवारों को नुकसान होगा।

Related Articles

Back to top button