‘सरदार पटेल जैसे महापुरुष को एक न एक दिन उनके शत्रुओं को भी नमन करना पड़ता है’

न्यूज डेस्क

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने एक बार फिर बीजेपी पर निशाना साधा है। इस बार प्रियंका ने देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल को लेकर बीजेपी को घेरा है।

आज पूरा देश सरदार पटेल की जयंती मना रहा है। इसी कड़ी में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने  गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर उन्हें याद करते भाजपा एवं आरएसएस पर निशाना भी साधा।

प्रियंका ने कहा कि पटेल राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ के सख्त खिलाफ थे और आज सत्तारूढ़ पार्टी को उन्हें श्रद्धांजलि देते देख बहुत खुशी होती है। उन्होंने यह भी दावा किया कि बीजेपी पटेल को अपना रही है क्योंकि उनके पास अपना कोई स्वतंत्रता सेनानी महापुरुष नहीं है।

गुरुवार को ट्वीट करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा-‘सरदार पटेल कांग्रेस के निष्ठावान नेता थे जो कांग्रेस की विचारधारा के प्रति समर्पित थे। वह जवाहरलाल नेहरू के करीबी साथी थे और आरएसएस के सख्त खिलाफ थे। आज भाजपा द्वारा उन्हें अपनाने की कोशिशें करते हुए और उन्हें श्रद्धांजलि देते देख के बहुत ख़ुशी होती है, क्योंकि भाजपा के इस ऐक्शन से दो चीजें स्पष्ट होती हैं। पहला, उनका अपना कोई स्वतंत्रता सेनानी महापुरुष नहीं है। तकऱीबन सभी कांग्रेस से जुड़े थे। दूसरा सरदार पटेल जैसे महापुरुष को एक न एक दिन उनके शत्रुओं को भी नमन करना पड़ता है। ‘

बताते चले कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुजरात पहुंचे और पटेल की प्रतिमा पर फूल अर्पित किए। इस मौके पर मोदी ने जम्मू कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधान हटाए जाने का फैसला देश के पहले गृह मंत्री सरदार पटेल को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि देश ने उस अनुच्छेद 370 को खत्म करने का फैसला किया जिसने जम्मू कश्मीर को सिर्फ अलगाववाद और आतंकवाद दिया।

पीएम मोदी ने राष्ट्रीय एकता  दिवस पर कहा ‘मैं अनुच्छेद 370 को रद्द करने का फैसला सरदार पटेल को समर्पित करता हूं।’ उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर पर हमारा फैसला जमीन पर लकीर खींचने के लिये नहीं बल्कि विश्वास की श्रृंखला बनाने के लिये है।

मोदी ने कहा कि ‘जब सरदार पटेल ने रियासतों का एकीकरण शुरू किया तो कई शासकों को एकता की भावना ने भारत में विलय के लिये प्रेरित किया। सदियों पहले चाणक्य ने भारत को एकजुट किया था और बाद में सरदार पटेल ने यह किया।

मोदी ने कहा कि जो लोग हमारे खिलाफ जंग नहीं जीत सकते, वो हमारी एकता को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। हर साल 31 अक्टूबर को देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती को “राष्ट्रीय एकता दिवस” के तौर पर मनाया जाता है। इसकी शुरुआत वर्ष 2014 में की गई थी।

यह भी पढ़ें : किसने करायी भारतीय पत्रकारों और कार्यकर्ताओं की जासूसी

यह भी पढ़ें : दोपहिया पर दोनों सवारियों के लिए हेलमेट अनिवार्य, लगेगा जुर्माना

यह भी पढ़ें :  एकता दिवस पर मोदी का पटेल को सलाम

Related Articles

Back to top button